
जुबिली इंटर कॉलेज में देश की पहली टाटा ड्रीम लैब :
14.5 करोड़ से अधिक की लागत से तैयार हाईटेक लैब, लखनऊ के 54 अन्य स्कूलों के छात्रों को भी मिलेगा लाभ
लखनऊ। सरकारी स्कूलों के छात्र अब सिर्फ किताबों से नहीं, बल्कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से भी सीखेंगे। लखनऊ के राजकीय जुबिली इंटर कॉलेज में देश की पहली ‘टाटा ड्रीम लैब’ तैयार की गयी है। 14.5 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनी इस हाईटेक लैब में यूपी बोर्ड के छात्र आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), कोडिंग, रोबोटिक्स और 3D डिजाइन जैसी तकनीकों की प्रैक्टिकल ट्रेनिंग ले सकेंगे। खास बात यह है कि छात्रों को यह प्रशिक्षण पूरी तरह मुफ्त मिलेगा।
कॉलेज इस लैब का लाभ सिर्फ जुबिली इंटर तक सीमित नहीं रहेगा। लखनऊ के करीब 54 अन्य सरकारी स्कूलों के छात्र भी यहाँ आकर आधुनिक तकनीक सीख सकेंगे। इससे सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को नयी तकनीकों को समझने और उनके इस्तेमाल का व्यावहारिक अनुभव हासिल करने का मौका मिलेगा।
600 स्कूलों में लैब बनाने की योजना
प्रदेश में टाटा समूह की कंपनी Nelco Limited के सहयोग से 600 सरकारी माध्यमिक और उच्च माध्यमिक स्कूलों में ड्रीम लैब स्थापित करने की व्यापक योजना है। इसके तहत कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों को AI, रोबोटिक्स, ड्रोन, इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT) और 3D प्रिंटिंग जैसी तकनीकों से परिचित कराया जायेगा। इस पहल का उद्देश्य छात्रों को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप तकनीकी कौशल से लैस करना और पढ़ाई को अधिक व्यावहारिक बनाना है।