सेवा, समर्पण और संकल्प के जीवन्त प्रतीक हैं हनुमानजी

हनुमानजी

सेवा, समर्पण और संकल्प के जीवन्त प्रतीक हैं हनुमानजी

भगवान हनुमानजी युवाओं के लिये एक अनुपम आदर्श और प्रेरणा स्रोत हैं। वे सेवा, समर्पण, संकल्प और निःस्वार्थ भावना के जीवन्त प्रतीक हैं। रामायण में वर्णित उनके जीवन की घटनाएँ आज के युवाओं को चुनौतियों से जूझने, लक्ष्यों को प्राप्त करने और एक सार्थक जीवन जीने का मार्गदर्शन करती हैं। हनुमान जी की कथा सिखाती है कि सच्ची भक्ति, दृढ़ इच्छाशक्ति और दूसरों की सेवा से कोई भी असम्भव कार्य सम्भव हो जाता है।


समर्पण का महत्व

हनुमान जी का भगवान श्रीराम के प्रति पूर्ण समर्पण भाव अद्वितीय है। उन्होंने कभी अपनी व्यक्तिगत सुख-सुविधा, आराम या अपनी महिमा के बारे में नहीं सोचा। राम का कार्य ही उनका एकमात्र जीवन-उद्देश्य बन गया। जब राम को वनवास हुआ, तब हनुमान जी ने अपना पूरा अस्तित्व राम सेवा में समर्पित कर दिया। वे “राम दूत” कहलाने में गर्व महसूस करते थे।
आज की भागदौड़ भरी जिन्दगी में युवा अक्सर छोटी-छोटी बाधाओं और भौतिक आकर्षणों में विचलित हो जाते हैं। सामाजिक माध्यम, मनोरंजन और क्षणिक सुखों की चकाचौंध में वे अपने दीर्घकालिक लक्ष्यों से भटक जाते हैं। हनुमान जी युवाओं को सिखाते हैं कि किसी भी क्षेत्र चाहे व्यवसाय हो, शिक्षा हो या सामाजिक कार्य में पूर्ण समर्पण रखना आवश्यक है। जब समर्पण सच्चा और निष्ठापूर्ण होता है, तो अन्दर से एक अद्भुत शक्ति जागृत हो जाती है। उनकी भक्ति स्पष्ट रूप से दर्शाती है कि “भक्ति से शक्ति” उत्पन्न होती है, न कि केवल शारीरिक बल से।


सेवा की भावना

हनुमान जी ने राम की सेवा में जो कुछ भी किया, समुद्र लांघना, लंका दहन करना, संजीवनी बूटी लाना और युद्ध में अपार योगदान देना सबकुछ पूर्ण निःस्वार्थ भाव से किया। वे “दास” या “सेवक” कहलाने में भी गर्व अनुभव करते थे। उनकी सेवा में कभी “मैं” का भाव नहीं आया।
आज के युवाओं के लिये यह एक महत्वपूर्ण सबक है। सच्ची सफलता अकेले व्यक्तिगत उपलब्धियों से नहीं, बल्कि दूसरों की सेवा से आती है। चाहे वह परिवार की मदद हो, समाज सेवा हो, या राष्ट्र निर्माण में योगदान हो, सेवा का भाव अपनाने से भय मिटता है, आत्मविश्वास बढ़ता है और जीवन में सन्तोष की अनुभूति होती है। हनुमान जी की प्रसिद्ध पंक्ति याद दिलाती है, “जो सुमिरै हनुमत बलबीरा, संकट कटे मिटे सब पीरा”। सेवा और भक्ति के माध्यम से हर संकट दूर हो
जाता है।


संकल्प और दृढ़ता


हनुमान जी ने कभी हार नहीं मानी। समुद्र पार करना, अशोक वाटिका में सीता जी की खोज करना, लंका में रावण की सेना से मुकाबला करना, ये सभी कार्य उनके समय में असम्भव लगते थे। मगर उनके दृढ़ संकल्प, बुद्धि, शक्ति और साहस के अद्भुत सन्तुलन ने हर बाधा को पार कर दिया। वे अत्यन्त बलवान थे, फिर भी पूर्ण विनम्र थे। अहंकार उनके स्वभाव में कहीं नहीं था।
युवावस्था में असफलताएँ, विफलताएँ और बाधाएँ सामान्य हैं। पढ़ायी में, व्यवसाय में या किसी महत्वाकांक्षी लक्ष्य में बार-बार असफलता हाथ लग सकती है। हनुमान जी सिखाते हैं कि दृढ़ संकल्प और निरन्तर प्रयास से हर बाधा पार की जा सकती है। युवाओं को बाधाओं से बचकर एकाग्रता बनाये रखनी चाहिये। अपनी क्षमताओं पर अटूट विश्वास रखना चाहिये। हनुमान जी ब्रह्मचर्य, संयम और अनुशासन के भी प्रतीक हैं। ये गुण युवाओं को मानसिक और शारीरिक ऊर्जा बनाए रखने में सहायता करते हैं।


अतिरिक्त प्रेरणादायक गुण

हनुमान जी केवल शारीरिक रूप से बलवान नहीं थे, बल्कि अत्यन्त बुद्धिमान और विद्वान भी थे। उन्होंने सुग्रीव से मित्रता की, विभीषण को राम की शरण में लाया और कई जटिल परिस्थितियों में अपनी बुद्धि का उपयोग किया। युवाओं को शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ बौद्धिक विकास पर भी समान रूप से ध्यान देना चाहिये।
वे शक्तिवान होने पर भी अत्यन्त विनम्र रहे। साहस के साथ डर को जीतने का सन्देश देते हैं। उनकी निःस्वार्थता हमें सिखाती है कि फल की इच्छा किए बिना कार्य करना चाहिये। कार्य करते समय फल की चिन्ता न करें, बस अपना कर्तव्य निष्ठा से निभाएँ।
हनुमान चालीसा का नियमित पाठ युवाओं में इन गुणों को जगाने का सरल और प्रभावी माध्यम है। यह चालीसा बल, बुद्धि, साहस और कष्टों से मुक्ति प्रदान करती है।


हनुमान जी से युवाओं को यह सीख लेनी चाहिये कि सेवा, समर्पण और दृढ़ संकल्प अपनाकर जीवन की कोई भी चुनौती छोटी पड़ जाती है। जब हम सत्य, धर्म और अपने लक्ष्य (राम स्वरूप) के प्रति पूर्ण वचनबद्ध होते हैं, तो हमारी शक्ति असीम हो जाती है।
आज के युवा यदि इन आदर्शों को अपनाते हैं, तो न केवल वे व्यक्तिगत रूप से सफल और सन्तुष्ट जीवन जी पायेंगे, बल्कि अपने परिवार, समाज और पूरे राष्ट्र को भी मजबूत और समृद्ध बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकेंगे। हनुमान जी की तरह “राम काज करिबे को आतुर” रहने वाला युवा वर्ग ही भविष्य का भारत निर्माण कर सकता है। यही कारण है कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ता हनुमान कहे जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *