
परम्परा, परिवर्तन और ‘नवीन भारत’ का उदय
बौद्धिक सम्पदा (Intellectual Property) किसी भी राष्ट्र की वह अदृश्य किन्तु अत्यन्त प्रभावशाली शक्ति है, जो उसके आर्थिक, सांस्कृतिक और तकनीकी भविष्य को आकार देती है। यह केवल कानूनी शब्दावली भर नहीं है, बल्कि मानवीय मस्तिष्क की रचनात्मकता, शोध और नवाचार का जीवन्त परिणाम है, जिसे विधि द्वारा सुरक्षा प्रदान की जाती है। भारत में इसकी यात्रा विशेष रूप से दिलचस्प रही है, क्योंकि यहाँ यह एक ओर प्राचीन ‘सार्वजनिक कल्याण’ की भावना से जुड़ी रही है, तो दूसरी ओर आज की प्रतिस्पर्धी ‘नॉलेज इकोनॉमी’ का अहम आधार भी बन चुकी है।
पेटेन्ट की शुरुआत
औपनिवेशिक काल में बौद्धिक सम्पदा का औपचारिक कानूनी ढाँचा विकसित हुआ। 1856 में पहला पेटेन्ट कानून लागू हुआ, जिसका उद्देश्य मुख्यतः ब्रिटिश हितों की रक्षा करना था। बाद में 1911 का भारतीय पेटेन्ट और डिजाइन अधिनियम आया, जिसने स्वतंत्रता तक इस व्यवस्था को संचालित किया। इस दौर में कानून तो थे, लेकिन उनका झुकाव स्पष्ट रूप से औपनिवेशिक आर्थिक हितों की ओर था।
उत्पाद पेटेन्ट की समाप्ति
स्वतंत्रता के बाद भारत के सामने एक बड़ी चुनौती थी, आम जनता को सस्ती दवाइयाँ और आवश्यक वस्तुएँ उपलब्ध कराना और साथ ही औद्योगिक विकास को भी गति देना। इसी सन्तुलन को ध्यान में रखते हुए 1970 का पेटेन्ट अधिनियम लाया गया। न्यायमूर्ति अय्यंगर समिति की सिफारिशों पर बने इस कानून ने ‘प्रक्रिया पेटेन्ट’ को अपनाया और दवाओं व खाद्य पदार्थों में ‘उत्पाद पेटेन्ट’ को समाप्त कर दिया। इसका असर यह हुआ कि भारतीय कम्पनियाँ नयी प्रक्रियाओं के माध्यम से सस्ती दवाइयाँ बनाने लगीं। यही वह मोड़ था जिसने भारत को ‘दुनिया की फार्मेसी’ के रूप में पहचान दिलायी।
1995 में विश्व व्यापार संगठन की स्थापना और TRIPS समझौते के बाद भारत को अपने कानूनों में बदलाव करना पड़ा। 2005 में संशोधन कर ‘उत्पाद पेटेन्ट’ को फिर से लागू किया गया। इसके साथ ही भारत ने धारा 3 (d) जैसा महत्वपूर्ण प्रावधान जोड़ा, जिससे दवाओं में मामूली बदलाव कर नये पेटेन्ट लेने की प्रवृत्ति पर रोक लग सके। नोवार्टिस बनाम भारत संघ के मामले में सर्वोच्च न्यायालय ने इस प्रावधान को सही ठहराया और सस्ती दवाओं की उपलब्धता को प्राथमिकता दी।
डिजिटलीकरण
आज के ‘नवीन भारत’ में बौद्धिक सम्पदा को एक नयी दृष्टि से देखा जा रहा है। यह अब केवल कानूनी सुरक्षा का विषय नहीं रहा, बल्कि एक मूल्यवान आर्थिक सम्पत्ति बन चुका है। ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘डिजिटल इण्डिया’ जैसे अभियानों ने नवाचार को बढ़ावा दिया है। 2016 की राष्ट्रीय बौद्धिक सम्पदा अधिकार नीति ने इस क्षेत्र को एक स्पष्ट दिशा दी। पेटेन्ट फाइलिंग की प्रक्रिया को डिजिटल बनाया गया है और स्टार्टअप्स व महिला उद्यमियों के लिये इसे आसान और सुलभ किया गया है।
सांस्कृतिक विरासत की सुरक्षा
भारत ने अपनी सांस्कृतिक विरासत की सुरक्षा की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाये हैं। ‘जीआई टैग’ के माध्यम से बनारसी साड़ी, कश्मीरी केसर और दार्जिलिंग चाय जैसे उत्पादों को वैश्विक पहचान मिली है। साथ ही, पारम्परिक ज्ञान डिजिटल लाइब्रेरी ने यह सुनिश्चित किया है कि हमारे प्राचीन ज्ञान का दुरुपयोग न हो और विदेशी कम्पनियाँ उस पर अनुचित अधिकार न जमा सकें।
प्रमुख चुनौतियाँ
इसके बावजूद कुछ चुनौतियाँ अब भी बनी हुई हैं। अनुसंधान और विकास में निवेश अपेक्षाकृत कम है, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के कारण नये कानूनी प्रश्न खड़े हो रहे हैं, और न्यायिक प्रक्रिया में देरी भी एक समस्या है। इन सभी मुद्दों पर गम्भीरता से काम करने की आवश्यकता है।
भारत में बौद्धिक सम्पदा की यह यात्रा परम्परा और आधुनिकता के बीच एक सतत संवाद के रूप में दिखायी देती है। जहाँ कभी ज्ञान को मुक्त रूप से साझा करना ही आदर्श माना जाता था, वहीं आज वही ज्ञान संरक्षित होकर आर्थिक और सामाजिक शक्ति का आधार बनता जा रहा है। ‘नवीन भारत’ इसी संक्रमण के दौर से गुजर रहा है, जहाँ वह केवल अनुकरण करने की प्रवृत्ति से आगे बढ़कर मौलिक नवाचार की ओर झुकाव दिखा रहा है। इस बदलती हुई परिदृश्य में यह आवश्यक होता जा रहा है कि समाज का प्रत्येक वर्ग, विशेषकर युवा, शोधकर्ता और उद्यमी, अपने विचारों की वास्तविक क्षमता को पहचाने और उन्हें केवल सृजन तक सीमित न रखकर संरक्षित और संवर्धित भी करे, क्योंकि अब राष्ट्र की प्रगति केवल उसके भौतिक संसाधनों से नहीं, बल्कि उसकी बौद्धिक सृजनशीलता की गहरायी और विस्तार से भी तय होती है।