
विकास वही है जो प्रकृति के साथ सामंजस्य स्थापित करे।’ इक्कीसवीं सदी का यही मूल मंत्र आज विश्व की विकास-नीतियों का आधार बन चुका है। जलवायु परिवर्तन, बढ़ता प्रदूषण और जीवाश्म ईंधनों पर अत्यधिक निर्भरता ने मानव सभ्यता को ऐसे मोड़ पर ला खड़ा किया है, जहाँ विकास और पर्यावरण के बीच सन्तुलन स्थापित करना अनिवार्य हो गया है। ऐसे समय में भारत द्वारा हाइड्रोजन ईंधन चालित ट्रेन का सफल संचालन केवल एक तकनीकी उपलब्धि नहीं, बल्कि भविष्य के प्रति उत्तरदायी राष्ट्र की दूरदर्शी सोच का सशक्त उद्घोष है।
भारतीय रेल विश्व के सबसे बड़े रेल नेटवर्कों में से एक है और प्रतिदिन करोड़ों लोगों के जीवन को गति प्रदान करती है इसलिये रेल परिवहन में होने वाला कोई भी परिवर्तन केवल तकनीक का परिवर्तन नहीं होता, बल्कि उसका प्रभाव अर्थव्यवस्था, पर्यावरण और समाज तीनों पर पड़ता है। हाइड्रोजन ट्रेन इसी व्यापक परिवर्तन का प्रतीक है। यह भारत की उस विकास-दृष्टि को अभिव्यक्त करती है जिसमें आधुनिकता और प्रकृति एक-दूसरे के पूरक है, विरोधी नहीं।
हाइड्रोजन ट्रेन फ्यूल सेल तकनीक पर आधारित होती है। इसमें हाइड्रोजन और ऑक्सीजन की रासायनिक अभिक्रिया से विद्युत ऊर्जा उत्पन्न होती है, जिससे ट्रेन संचालित होती है। इस प्रक्रिया में कार्बन डाइऑक्साइड, धुआँ या अन्य हानिकारक गैसों का उत्सर्जन नहीं होता, केवल जलवाष्प निकलती है। यही कारण है कि इसे ‘शून्य-उत्सर्जन (Zero Emission) तकनीक’ कहा जाता है। यह तकनीक प्रदूषण-मुक्त परिवहन की दिशा में एक प्रभावी विकल्प प्रस्तुत करती है और भारत के हरित विकास मॉडल को नयी शक्ति प्रदान करती है।
आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ते कदम
भारत का यह कदम केवल पर्यावरणीय दृष्टि से ही महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि ऊर्जा सुरक्षा और आत्मनिर्भरता की दिशा में भी मील का पत्थर है। आज भारत अपनी ऊर्जा आवश्यकताओं का बड़ा भाग आयातित जीवाश्म ईंधनों से पूरा करता है। यदि हरित हाइड्रोजन के उत्पादन और उपयोग को व्यापक स्तर पर बढ़ावा मिलता है, तो आयात पर निर्भरता कम होगी, विदेशी मुद्रा की बचत होगी और देश ऊर्जा के क्षेत्र में अधिक आत्मनिर्भर बनेगा। यही आत्मनिर्भर भारत की अवधारणा का व्यावहारिक स्वरूप भी है।
हाइड्रोजन ट्रेन का महत्व आर्थिक दृष्टि से भी अत्यन्त व्यापक है। इसके माध्यम से हरित हाइड्रोजन उत्पादन, ईंधन भण्डारण, फ्यूल सेल निर्माण तथा सम्बद्ध उद्योगों में नये निवेश और रोजगार के अवसर उत्पन्न होंगे। यह वैज्ञानिक अनुसंधान, तकनीकी नवाचार और औद्योगिक विकास को नयी दिशा देगा। इस प्रकार यह केवल एक परिवहन परियोजना नहीं, बल्कि हरित अर्थव्यवस्था की आधारशिला सिद्ध हो सकती है।
बदलते भारत का प्रतीक
हाइड्रोजन ट्रेन केवल रेल की नयी तकनीक नहीं, बल्कि भारत के बदलते विकास-दर्शन का प्रतीक है। यह सन्देश देती है कि प्रगति का वास्तविक अर्थ केवल गति नहीं, बल्कि ऐसी गति है जो प्रकृति, समाज और आने वाली पीढ़ियों के हितों के साथ सन्तुलित हो। यदि भारत इसी प्रकार विज्ञान, नवाचार और पर्यावरण के समन्वय को आगे बढ़ाता रहा, तो वह दिन दूर नहीं जब भारतीय रेल विश्व की सबसे हरित, आधुनिक और टिकाऊ परिवहन प्रणाली के रूप में स्थापित होगी।